चीन का टॉप टेक बैंकर लापता होने से हड़कंप
चीन में एक हाई प्रोफाइल बैंकर के लापता होने से वहां की फिनटेक इंडस्ट्री में हड़कंप मच गया है। गुरुवार को चीन रेनेसां कंपनी ने जानकारी देते हुए बताया कि उनकी कंपनी के चेयरमैन और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर बाओ फैन से उनका संपर्क नहीं हो पा रहा है। कंपनी के पास उनकी किसी तरह कोई जानकारी नहीं है।
बाओ के लापता होने की सूचना जैसे ही सार्वजनिक हुई तो इससे कंपनी के शेयरों की कीमत 50% तक लुढ़क गई। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक बाओ से उनकी कंपनी के प्रेसिडेंट कोंग लिन के एक भ्रष्टाचार से जुड़े मामले में महीनों से पूछताछ की जा रही थी। उनके परिवार वालों को भी यही जानकारी दी गई है।
दरअसल साल 2021 में शी जिनपिंग की सरकार ने चीन के फाइनेंशियल सेक्टर में भ्रष्टाचार के खिलाफ जांच शुरू कर दी थी। अब तक इस जांच की चपेट में देश की बड़ी कंपनियां आ चुकी हैं।
