सूर्यकुमार यादव ने तोड़ा श्रीलंका का सपना
राजकोट: भारत ने श्रीलंका के खिलाफ राजकोट में खेले गए टी20 सीरीज के तीसरे और निर्णायक मुकाबले को जीत लिया है। श्रीलंका के पास भारत में पहली बार द्विपक्षीय सीरीज जीतने का मौका था, लेकिन उनका सपना एक बार फिर टूट गया। सूर्यकुमार यादव की शतकीय पारी की मदद से भारत ने 228 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका ने तेजी से रन बनाए लेकिन उनके विकेट भी गिरते रहे। अंत में टीम की पारी 137 रनों पर सिमट गई और भारत ने मैच को 91 रनों से अपने नाम कर लिया।
सूर्या का तूफानी शतक
सूर्यकुमार यादव के 51 गेंद में नाबाद 112 रन की मदद से भारत ने श्रीलंका के खिलाफ शनिवार को तीसरे और आखिरी टी20 मैच में पांच विकेट पर 228 रन बनाये। सूर्यकुमार ने श्रीलंकाई गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए ताबड़तोड़ बल्लेबाजी का एक और शानदार नजारा पेश किया। उन्होंने मैदान के चारों ओर शॉट्स खेलकर टी20 क्रिकेट में तीसरा शतक जड़ा। अपना अर्धशतक 26 गेंद में पूरा करने के बाद सूर्यकुमार ने तिहरे अंक तक पहुंचने में 19 गेंद ही और ली। उन्होंने आखिरी ओवर में चमिका करूणारत्ने को एक चौका और एक छक्का लगाया।