प्रवासियों से नफरत करता था पेरिस हमले का आरोपी:जान से मारना चाहता था
पेरिस में तीन कुर्दिश लोगों की हत्या करने वाला शख्स प्रवासियों से बेहिसाब नफरत करता था। वह उन्हें जान से मारना चाहता था। 69 साल के हमलावर विलियम एम. ने माना है कि उसने गैर-यूरोपीय विदेशियों को मारने की योजना बनाई थी। वह प्रवासियों से इतनी ज्यादा नफरत करता था कि उसका खुद पर काबू नहीं रहता था। विलियम ने शुक्रवार को कुर्दिश कम्यूनिटी सेंटर पर हमला कर तीन लोगों की हत्या कर दी थी।
झड़प के दौरान घायल हो गए 30 पुलिसकर्मी
इसके बाद बड़े स्तर पर विरोध-प्रदर्शन शुरू हुए थे जो शनिवार को हिंसक हो गए। प्रदर्शनकारियों ने गाड़ियां पलट दीं और कई को आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया। प्रदर्शनकारियों ने कई दुकानों को भी नुकसान पहुंचाया और कई जगह आग लगा दी। रविवार को भी हिंसक विरोध प्रदर्शन जारी रहे। प्रदर्शनकारियों से झड़प के दौरान 30 पुलिसकर्मी घायल हो गए।
