जयसिंह अग्रवाल ने लगाई अफसरों को फटकार, कहा-ट्रांसपोर्ट नगर नहीं, बल्कि कलेक्टर शिफ्ट होगा
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल का अधिकारियों को फटकारते हुए वीडियो सामने आया है, यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। उन्होंने अधिकारियों को कलेक्टर संजीव झा के बहाने फटकार लगाते हुए कहा कि यहां ”कलेक्टरी करने आया है या घूसखोरी करने”। वे बरबसपुर में बनने वाले नए ट्रांसपोर्ट नगर में रोड़ा लगाए जाने से खफा थे।
बरबसपुर पहुंचे मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने अधिकारियों के सामने कलेक्टर को खुली धमकी दी। उन्होंने कहा कि ये ट्रांसपोर्ट नगर कहीं शिफ्ट नहीं होगा, अगर कोई शिफ्ट होगा तो वो है कलेक्टर। राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ट्रांसपोर्ट नगर को बरबसपुर से हटाकर झगहरा गांव में शिफ्ट करने से नाराज थे।
शुक्रवार को मंत्री के बुलावे पर कलेक्टर संजीव झा नहीं पहुंचे थे। मंत्री ने कहा कि मैंने मुख्य सचिव से पता किया है कलेक्टर ने कोई छुट्टी नहीं ली है और ना ही उसकी तबीयत खराब है। इस दौरान ADM विजेंद्र पाटले, SDM सीमा पात्रे और तहसीलदार मुकेश देवांगन मौके पर मौजूद थे। राजस्व मंत्री ने कोरबा जिले के अफसरों को सख्त शब्दों में हिदायत दी कि टीपी नगर तो बरबसपुर में ही बनेगा।