भाजपा सांसद बोले- मेरे 4 बच्चों के लिए कांग्रेस जिम्मेदार
देश में बढ़ती जनसंख्या को लेकर बहस चल रही है। इस बीच गोरखपुर से भाजपा सांसद और एक्टर रवि किशन ने बढ़ती जनसंख्या का जिम्मेदार कांग्रेस को ठहराया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अगर जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाती तो मेरे चार बच्चे नहीं होते। मैं चार बच्चों के बारे में सोचता हूं तो सॉरी फील करता हूं।
रवि किशन ने आगे कहा कि यह कांग्रेस की गलती है। सरकार उनके पास थी। उनके पास कानून था। हम अवेयर नहीं थे। हम बच्चे थे। हम तो खेलते कूदते जीवन में अंगड़ाई ले रहे थे। खास बात यह है कि भाजपा सांसद रवि किशन ने ही शुक्रवार को लोकसभा में जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाने के लिए बिल पेश किया।
रवि किशन बोले- चार बच्चे देखकर दुख होता है
रवि किशन से एक निजी चैनल ने उनके चार बच्चों को लेकर सवाल पूछा था। इस पर उन्होंने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री के शुरुआती 15 साल में लोग मुझे पैसा नहीं देते थे। मैं उस समय जानता था कि पैसा बाद में आएगा। मैं इंडस्ट्री में संघर्ष कर रहा था। शूटिंग कर रहा था। उसी दौरान तीसरा बेबी, चौथा बेबी हो गया। आज जब मैच्योरिटी आई है और उन्हें देखता हूं तो दुख होता है।
