शिव कथा में पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रविवार को रायपुर के गुढियारी स्थित दही हांडी मैदान में आयोजित शिव महापुराण कथा में शामिल हुए । उन्होंने व्यासपीठ को प्रणाम करते हुए कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा से प्रदेश की सुख समृद्धि का आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने कहा, भगवान शिव महादेव हैं। उनकी मौजूदगी देश के गांव-गांव तक है। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार की गोठान औ राम वन गमन परिपथ योजनाओं पर भी बात की।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, महादेव सबसे बड़े अवघड़ दानी, ज्ञानी और ध्यानी हैं । महादेव ने ही दुनिया में सबसे पहले विवाह नाम की संस्था को स्थापित किया, सबसे पहले संगीत की रचना की और सबसे पहले नृत्य की रचना की। उनके तांडव नृत्य से हम सभी बखूबी परिचित हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, भगवान शिव सभी दिशाओं में स्थित हैं। भगवान राम ने जहां उत्तर से दक्षिण की ओर यात्रा की, भगवान कृष्ण ने उत्तर से पश्चिम की ओर यात्रा की है परंतु एकमात्र शिव देश के हर कोने में विराजमान हैं। गांव-गांव में शिव विराजमान हैं। कोई उन्हें शिव कहता है, कोई शंकर, कोई महादेव, कोई बूढ़ादेव तो कोई बड़ा देव लेकिन प्रत्येक रूप में शिव की ही पूजा करते हैं। बिना शिव के ना तो राम की कथा हो सकती है और ना ही कृष्ण की। शिव के बिना किसी का गुजारा संभव नहीं है, इसीलिए आज कथा सुनने लाखों की तादाद में आप सभी यहां उपस्थित हैं।