भूपेश बघेल ने कहा- स्मृति ईरानी को पिछली सरकार में महिलाओं के खिलाफ हुए अपराध पर जवाब देना चाहिए
रायपुर: छत्तीसगढ़ में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए बीजेपी- कांग्रेस एक्टिव हो गए हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शुक्रवार को महिलाओं के खिलाफ अपराध का विरोध करने छत्तीसगढ़ पहुंचीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें पिछली सरकार के दौरान हुई घटनाओं पर जवाब देना चाहिए। बघेल ने कहा कि केंद्रीय मंत्री को पहले उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध का ग्राफ देखना चाहिए।
उन्होंने कहा, ”स्मृति ईरानी जी को यह बताना चाहिए कि ट्रेन क्यों बंद है। क्या महिलाएं ट्रेनों में यात्रा नहीं करती हैं। सबसे ज्यादा महिलाएं ट्रेन में यात्रा करती हैं। यह सुविधाजनक और सस्ता है। ट्रेन बंद कर रखी हैं। स्मृति ईरानी जी आई हैं तो जरूर इसमें सुधार होगा।” अधिकारियों ने बताया कि रेलवे ने इस साल की शुरुआत से राज्य के भीतर चलने वाली और राज्य से गुजरने वाली कई रेलगाड़ियों का संचालन रोक दिया है।