एलआईसी का दूसरी तिमाही में मुनाफा कई गुना बढ़ा, प्रीमियम आय भी उछली
नई दिल्ली : सरकारी इंश्योरेंस कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) ने शुक्रवार को दूसरी तिमाही का अपना रिजल्ट जारी कर दिया है। कंपनी का शुद्ध मुनाफा सितंबर तिमाही में कई गुना बढ़ गया है। एलआईसी ने बताया कि उसका टैक्स के बाद शुद्ध मनाफा (PAT) 15,952 करोड़ रुपये दर्ज हुआ है। बीते वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह सिर्फ 1434 करोड़ रुपये दर्ज हुआ था। एलआईसी ने कहा कि अकाउंटिंग पॉलिसी में बदलाव के चलते उसे यह भारी भरकम मुनाफा हुआ है।
पिछली तिमाही में कंपनी को हुआ था 682 करोड़ का मुनाफा
इस वित्त वर्ष की अप्रैल से जून तिमाही में एलआईसी का शुद्ध लाभ 682.9 करोड़ रुपये रहा था। दूसरी तिमाही में एलआईसी की शुद्ध प्रीमियम आय 1.32 लाख करोड़ रुपये दर्ज हुई। एक साल पहले की समान अवधि के 1.04 लाख करोड़ की तुलना में यह 27 फीसदी अधिक है।
