हिंदू शब्द को गंदा कहने वाले नेता बयान पर अड़े
कर्नाटक कांग्रेस विधायक सतीश जारकीहोली ने हिंदू शब्द को फारसी उत्पत्ति का बताने वाले बयान के लिए माफी मांगने से इनकार कर दिया है। उन्होंने कहा है कि अगर कोई उन्हें गलत साबित कर दे तो वे विधायक पद से इस्तीफा देने को तैयार हैं।
एक दिन पहले ही उन्होंने कहा था कि हिंदू शब्द फारस से आया है और इसका मतलब बेहद शर्मनाक है। इसका मतलब जाने बिना हिंदू शब्द को अहमियत दी जा रही है। उनके इस बयान पर काफी विवाद हुआ था, लेकिन वे अपनी बात पर अब भी अड़े हैं।
वीडियो स्टेटमेंट में कल की बात दोहराई
एक वीडियो स्टेटमेंट जारी करके उन्होंने कहा- ‘मैंने जो कहा उसमें कुछ भी गलत नहीं है। ऐसे हजारों रिकॉर्ड मौजूद हैं जिसमें लिखा है कि ये फारसी शब्द (हिंदू) कैसे बना। स्वामी दयानंद सरस्वती की किताब सत्यार्थ प्रकाश, डॉ जीएस पाटिल की किताब बसव भारत और बाल गंगाधर तिलक के केसरी अखबार में भी इसका जिक्र मिलता है। ये तो सिर्फ कुछ उदाहरण हैं, ऐसे कई आर्टिकल विकीपीडिया या दूसरी वेबसाइट्स पर मौजूद हैं। आपको उन्हें पढ़ना चाहिए।’
मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि अगर कोई उन्हें गलत साबित कर देता है तो वे न सिर्फ अपने इस बयान के लिए माफी मांगेंगे, बल्कि अपने विधायक पद से भी इस्तीफा दे देंगे।
