पालघर का पेच और ढाई-ढाई साल का फॉर्मूला, फडणवीस ने खोल दिया पूरा राज
नई दिल्ली: मुंबई में आयोजित इंडिया टुडे कॉन्क्लेव में महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम और बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस ने उद्धव ठाकरे के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। साथ ही महाराष्ट्र में शिवसेना और बीजेपी का गठबंधन टूटने की उन असली वजहों के बारे में भी बताया जिनसे महाराष्ट्र की जनता शायद आज भी अनजान है। फडणवीस ने बताया कि साल 2019 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में शिवसेना के साथ कभी भी ढाई-ढाई साल के कार्यकाल पर कोई फैसला नहीं हुआ था। बीजेपी ने साफ कहा था कि अगर शिवसेना ढाई-ढाई साल के कार्यकाल पर समझौता करना चाहती है तो बीजेपी गठबंधन से बाहर निकल जाएगी। फडणवीस ने कहा ‘पीएम नरेंद्र मोदी और बीजेपी के समेत केंद्र नेतृत्व के अलावा खुद उद्धव ठाकरे ने मेरे मुख्यमंत्री बनने पर सहमति जताई थी।’
उन्होंने बताया इस सहमति के बाद बीजेपी ने शिवसेना को अपनी पालघर की सीट दे दी थी। उन्होंने कहा, बीजेपी ने शिवसेना को ज्यादा मंत्रालय देने का आश्वासन जरूर दिया था। लेकिन जब शिवसेना के ध्यान में आता है कि चुनाव के नतीजों से ऐसा नंबर फंसा है कि तीन पार्टियां भी मिलकर सरकार बना सकती है तो शिवसेना ने पीठ पर खंजर घोंप दिया।
