खड़गे बोले- कांग्रेस में 50% पद युवाओं को
मल्लिकार्जुन खड़गे आधिकारिक तौर पर कांग्रेस अध्यक्ष बन गए हैं। AICC मुख्यालय दिल्ली में चुनाव अधिकारी मधुसूदन मिस्त्री ने उन्हें जीत का प्रमाण पत्र सौंपा। अध्यक्ष बनने के बाद अपने पहले भाषण में खड़गे ने पार्टी में 50 फीसदी पद 50 साल से कम उम्र के लोगों को देने का ऐलान किया। खड़गे ने कहा- उदयपुर अधिवेशन में इसको लेकर प्रस्ताव पास किया गया था। अब उस पर अमल किया जाएगा।
खड़गे ने पार्टी में आधे पदों पर युवाओं को लाने की बात कही है, लेकिन मौजूदा हालात को देखें, तो कांग्रेस अध्यक्ष, कोषाध्यक्ष और महासचिवों में से केवल प्रियंका गांधी की उम्र ही 50 साल है। बाकी सारे नेता इससे ज्यादा उम्र के हैं।
कांग्रेस मुक्त भारत का सपना पूरा नहीं होगा
भाजपा के कांग्रेस मुक्त भारत के नारे पर तंज कसते हुए खड़गे ने कहा- अपने मुताबिक नया भारत बनाने के नाम पर वे कांग्रेस मुक्त भारत बनाने का नारा देते हैं, क्योंकि वे जानते हैं कि जब तक कांग्रेस मौजूद है, तब तक वे ऐसा नहीं कर सकते। हम ऐसा नहीं होने देंगे और इसके लिए लगातार लड़ाई जारी रखेंगे।