आज बादल बरसेंगे या फिर छक्के! भारत-अफ्रीका में फाइनल जंग
करीब तीन साल बाद राष्ट्रीय राजधानी में कोई वनडे इंटरनैशनल मुकाबला खेला जाना है लेकिन लगता है उस पर मौसम की बुरी नजर पड़ गई है। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज के इस निर्णायक मुकाबले को देखने को तैयार दिल्लीवासी इस ऊहापोह में हैं कि मंगलवार को बारिश होगी या फिर स्टेडियम में होगी छक्कों की बरसात। हालांकि सोमवार दोपहर बाद बारिश के थमने से पूरे मैच की थोड़ी उम्मीद जरूर जगी। मैदानकर्मी भी ग्राउंड को खेलने लायक बनाए रखने के लिए लगातार कड़ी मेहनत करते नजर आए। बावजूद इसके निगाहें आसमान पर होंगी और दुआ यही होगी कि वनडे न सही, 20-20 ओवर का ही एक मैच देखने को मिल जाए।
टॉप फॉर्म में श्रेयस
सीरीज में दोनों टीमें एक-एक मैच जीत कर बराबरी पर चल रही हैं और दोनों की निगाहें इस तीसरे मुकाबले को जीतकर सीरीज अपने नाम करने पर होंगी। सीरीज का पहला मुकाबला करीबी रहा था जिसमें टीम इंडिया को हरा मिली थी, लेकिन दूसरे मैच में टीम इंडिया ने दबदबे वाली जीत हासिल की। दूसरे वनडे में टीम की जीत के नायक श्रेयस अय्यर से एक बार फिर दमदार पारी की उम्मीद होगी। श्रेयस टॉप फॉर्म में हैं। उन्होंने वनडे की अपनी पिछली छह पारियों में 50, 44, 63, 54, 80* और 113* रन बनाए हैं।
