‘चिटफंड कंपनियों पर एक्शन, विजिबल पुलिसिंग, नाइट पेट्रोलिंग’, कलेक्टर-SP कॉन्फ्रेंस में CM बघेल
रायपुर: ‘चिटफंड कंपनियों पर एक्शन, महिला और बच्चों से जुड़े केस में पुलिस दिखाए सख्ती’, कानून व्यवस्था के मुद्दे छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने अधिकारियों को खास निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री शनिवार को रायपुर के न्यू सर्किट हाउस में दो दिवसीय कलेक्टर और एसपी की कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी जिलों में कलेक्टर और एसपी कानून व्यवस्था पर कड़ी नजर रखें। पुलिस अधिकारियों से मुख्यमंत्री ने कहा कि विजिबल पुलिसिंग नजर आनी चाहिए। अपराधों की रोकथाम करते हुए केवल छोटे स्तर पर कार्रवाई नहीं करें और आंकड़े नहीं देकर मजबूत कार्ययोजना को अंजाम दें।
सीएम भूपेश बघेल संग कलेक्टर एसपी की बैठक
कॉन्फ्रेंस में मुख्य सचिव अमिताभ जैन, अतिरिक्त मुख्य सचिव सुब्रत साहू, सूबे के डीजीपी अशोक जुनेजा, संभाग कमिश्नर और आईजी पुलिस और सभी जिलों के कलेक्टर-एसपी शामिल हुए। कॉन्फ्रेंस की शुरूआत में छत्तीसगढ़ के डीजीपी अशोक जुनेजा ने राज्य में अपराध की स्थिति पर मुख्यमंत्री को जानकारी दी। जुनेजा ने चिटफंड कंपनियों पर की गई कार्रवाई के बारे में मुख्यमंत्री को विस्तार से जानकारी दी।
