यूक्रेनी न्यूक्लियर प्लांट चीफ किडनैप, जेलेंस्की ने रूस पर फोड़ा ठीकरा
कीव: यूक्रेन के परमाणु ऊर्जा प्रदाता विभाग ने रूस पर यूरोप के सबसे बड़े परमाणु ऊर्जा संयंत्र के प्रमुख का ‘अपहरण’ करने का आरोप लगाया है। यूक्रेन की परमाणु कंपनी एनर्गोटम ने शनिवार को कहा कि रूसी सेना ने जापोरिज्जिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र के महानिदेशक इहोर मुराशोव को शुक्रवार अपराह्न करीब चार बजे अगवा कर लिया। जापोरिज्जिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र पर रूस के सैनिकों का कब्जा है। एनर्गोटम ने कहा कि रूसी सैनिकों ने मुराशोव की कार को रोका, उनकी आंखों पर पट्टी बांधी और फिर उन्हें एक अज्ञात स्थान पर ले गए।
एनर्गोटम के अध्यक्ष पेट्रो कोटिन ने कहा, ”रूस द्वारा उनको हिरासत में लेने की घटना यूक्रेन और यूरोप के सबसे बड़े परमाणु ऊर्जा संयंत्र की सुरक्षा को खतरे में डालती है।” पेट्रो कोटिन ने मांग की कि रूस तुरंत मुराशोव को रिहा करे। दरअसल, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन के चार क्षेत्रों को औपचारिक रूप से रूसी संघ में शामिल करने के लिए एक संधि पर हस्ताक्षर किए हैं। डोनेत्स्क, लुहांस्क, खेरसन और जापोरिज्जिया को रूस में शामिल करने की घोषणा की गयी है।