भूपेंद्र हुड्डा भी लड़ सकते हैं कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव:
हरियाणा के पूर्व CM भूपेंद्र हुड्डा ने भी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद में दिलचस्पी दिखाई है। शुक्रवार को उन्होंने दिल्ली में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। इसके बाद पूछे सवाल पर हुड्डा ने कहा कि अभी नामांकन 24 सितंबर से शुरू होने हैं।
हुड्डा ने कहा कि मुलाकात के दौरान प्रधान पद को लेकर सोनिया गांधी ने कहा कि वह न्यूट्रल हैं, कोई भी चुनाव लड़ सकता है। अभी देखेंगे कि कौन-कौन नामांकन भरता है। उन्होंने अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने से सीधे तौर पर इनकार नहीं किया। जिसके बाद हरियाणा की राजनीति में भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
अब तक 5 दावेदार, गहलोत सबसे मजबूत
कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव के लिए अब दावेदारों की संख्या बढ़ने लगी है। पहले ऐसा लग रहा था कि राहुल गांधी के नाम पर सहमति बन जाएगी, लेकिन शशि थरूर और बाद में अशोक गहलोत के चुनाव लड़ने की चर्चाओं के बीच अब कई और नेताओं के नाम सामने आने लगे हैं। इनमें पूर्व CM दिग्विजय सिंह, कमलनाथ और पंजाब से सांसद मनीष तिवारी के नाम भी शामिल हैं। सबसे मजबूत दावेदारी अशोक गहलोत की मानी जा रही है।