मैंने कभी नहीं कहा ISIS और हिंदुत्व एक जैसे हैं
नई दिल्ली
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने अपनी नई किताब में कथित तौर पर हिंदुत्व की तुलना आतंकवादी समूहों बोको हरम और आईएसआईएस के जिहादी इस्लाम से करने को लेकर विवाद पर सफाई दी है। सलमान खुर्शीद ने शनिवार को कहा कि मैंने यह नहीं कहा कि वे एक जैसे हैं (ISIS और हिंदुत्व)। मैंने यह भी कहा है कि आईएसआईएस और बोको हराम इस्लाम धर्म का दुरुपयोग करते हैं लेकिन किसी इस्लामी अनुयायी ने इसका विरोध नहीं किया। किसी ने नहीं कहा कि मैं उनके धर्म की छवि खराब कर रहा हूं।
हिंदू धर्म को बदनाम करने की कोशिश
सलमान खुर्शीद ने कहा कि ऐसा लगता है कि कुछ लोग हिंदू धर्म को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। वे हिंदू धर्म के दुश्मन हैं और डरते हैं कि उनकी सच्चाई सामने आ जाएगी। कांग्रेस नेता शनिवार को यहां पांच दिवसीय कल्कि महोत्सव के समापन समारोह में पहुंचे थे। इससे पहले सलमान खुर्शीद की किताब ‘सनराइज ओवर अयोध्या: नेशनहुड इन आवर टाइम्स’ में कथित तौर पर हिंदुत्व की तुलना आतंकवादी समूहों बोको हरम और आईएसआईएस के जिहादी इस्लाम से करने को खूब विवाद खड़ा हो गया था।
क्या लिखा था सलमान खुर्शीद ने
‘द सैफ्रन स्काई’ चैप्टर में पेज नंबर 113 पर खुर्शीद लिखते हैं, ‘साधु-संत जिस सनातन धर्म और क्लासिकल हिंदुइज्म को जानते हैं उसे किनारे करके हिंदुत्व के ऐसे वर्जन को आगे बढ़ाया जा रहा है जो हर पैमाने पर आईएसआईएस और बोको हराम जैसे जिहादी इस्लामी संगठनों के राजनीतिक रूप जैसा है।’ उन्होंने दावा किया है कि हिंदुत्व का इस्तेमाल राजनीतिक फायदे के लिए किया जाता है। चुनावी रैलियों में इसका जिक्र होता है।
