लालू बोले- मैं और नीतीश सोनिया से मिलेंगे:
देश में 2024 में होने वाले आम चुनाव के पहले विपक्षी दल महागठबंधन बनाने की कोशिश कर रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने कहा कि मैं जल्द ही नीतीश कुमार के साथ दिल्ली जाकर सोनिया गांधी से मुलाकात करूंगा। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बाद राहुल से भी मुलाकात करूंगा। देश में भाजपा को छोड़कर सभी राजनीतिक पार्टियां एकजुट हो रही हैं।
लालू ने कहा कि मैं अपनी आइडियोलॉजी पर मजबूती से कायम हूं, कई पार्टियों ने भाजपा के साथ समझौता कर घुटने टेक दिए। लेकिन ना मैं झुका हूं और ना ही कभी झुकुंगा। भाजपा हमारा सबसे बड़ा दुश्मन है अगर मैं झुक जाता तो मुझे इतने दिन जेल में नही रहना पड़ता।
लालू ने पार्टी की राज्य परिषद की बैठक में कहा कि 2024 में BJP को हम लोग उखाड़ फेकेंगे। अभी किशनगंज में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आ रहे हैं। शाह के मन में कुछ न कुछ काला है। सभी को चौकन्ना रहना है। ये लोग अजीब हैं, मस्जिद के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ करके उन्माद फैलाते हैं। मस्जिद पर भगवा झंडा फहरा देते हैं। तनाव पैदा करते हैं।