अमेरिकी मिडटर्म इलेक्शन:ट्रम्प के गवर्नर अप्रवासियों को बस में बैठाकर कमला हैरिस के घर भेज रहे
अमेरिका में 8 नवंबर को होने वाले मिड टर्म चुनावों के लिए सरगर्मी तेज हो गई हैं। रिपब्लिकन पार्टी और डेमोक्रेटिक पार्टी अपने-अपने मुद्दों के साथ मैदान में उतर रही है। रिपब्लिकन पार्टी अमेरिका में बढ़ते क्राइम और अप्रवासियों की समस्या को मुद्दा बना रही है।
ट्रम्प की रिपब्लिकन पार्टी के फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डीसेन्टिस और एरिजोना के गवर्नर डग डुसी ने अपने-अपने राज्यों में आए वेनेजुएला के अप्रवासियों को बसों और विमानों में भर कर उप राष्ट्रपति कमला हैरिस के वॉशिंगटन स्थित आवास पर भेज रहे हैं।
इन अप्रवासियों काे कहीं और ले जाने का कहा गया था। अब वॉशिंगटन में इन अप्रवासियों को परेशानी हो रही है। अपेक्षाकृत गर्म देश वेनेजुएला से आए ये अप्रवासी वॉशिंगटन की सर्दी से भी परेशान हैं। इन अप्रवासियों के लिए कुछ NGO खाने का प्रबंध कर रहे हैं।
वॉशिंगटन: अप्रवासी बढ़े, इमरजेंसी का ऐलान
वॉशिंगटन में पिछले तीन माह के दौरान लगभग 20 हजार अप्रवासी आ चुके हैं। इससे यहां की सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था बुरी तरह से चरमरा गई है। वॉशिंगटन के मेयर मुरिल बाउसर ने पिछले हफ्ते वॉशिंगटन डीसी में पब्लिक इमरजेंसी का ऐलान किया है। इसके तहत एंट्री से पहले राज्य के बॉर्डर पर चैकिंग हो रही है।
