AAP बोली, 4 विधायकों को भाजपा का ऑफर
दिल्ली के डिप्टी CM मनीष सिसोदिया के घर CBI छापे के बाद बुधवार को आम आदमी पार्टी (AAP) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। AAP नेता संजय सिंह ने कहा कि हम ऑपरेशन लोटस के बारे में खुलासा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारे विधायकों को भाजपा ने ऑफर दिया। ऑफर यह था कि AAP छोड़ने पर 20 करोड़ देंगे और दूसरों को साथ लाए तो 25 करोड़।
संजय सिंह ने कहा- हमारे विधायक संजीव झा, सोमनाथ भारती, कुलदीप कुमार और एक अन्य विधायक को भाजपा ने पार्टी छोड़ने की एवज में 20 करोड़ रुपए देने का ऑफर दिया है। संजय सिंह के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में सोमनाथ भारती भी थे। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोगों ने मुझे कहा कि AAP के 20 और विधायक हमारे संपर्क में हैं।
आप विधायक संजीव झा बोले- 20 करोड़ का ऑफर मिला
संजीव झा ने कहा, ‘भाजपा के लोग मेरे पास आए और कहा कि आप अगर पार्टी छोड़ते हैं, तो आपको 20 करोड़ रुपए मिलेंगे। अगर AAP के कुछ विधायकों को भी साथ लाएंगे, तो 5 करोड़ रुपए अधिक देंगे।’ दिल्ली विधानसभा में कुल 70 सीटे हैं और सरकार बनाने के लिए 36 विधायकों की जरूरत होती है। वर्तमान में आम आदमी पार्टी के पास 62 और भाजपा के पास 8 विधायक हैं।