CBI छापों पर भाजपा-आप में जुबानी जंग
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पर CBI छापे के अगले दिन केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने AAP सरकार पर हमला बोला है। ठाकुर ने केजरीवाल सरकार को रेवड़ी और बेवड़ी सरकार तो कहा ही, साथ ही शराब घोटाले में सिसोदिया का नाम आने को लेकर तंज कसा कि अब उनके नाम में मनीष की स्पेलिंग M O N E Y SHH हो गई है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि अगर शराब नीति ठीक थी तो आपने वह वापस क्यों ली? आप की हालत ऐसी थी कि अगर चोर को दाढ़ी में तिनका दिखा, तो उसने बचने के लिए दाढ़ी ही मुंडवा ली। बिलकुल इसी तरह मनीष सिसोदिया और अरविंद केजरीवाल को जब शराब नीति में भ्रष्टाचार दिखा, तो शराब नीति वापस ले ली।
ठाकुर का सवाल- ब्लैक लिस्टेड कंपनियों को ठेका दिया या नहीं?
केंद्रीय मंत्री ने सवाल उठाया, ‘अगर मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों को रिटेल में शराब बेचने की अनुमति नहीं थी, तो इस नीति के तहत उन्हें अनुमति क्यों दी गई? कार्टेल कंपनियों को ठेका क्यों दिया गया?’ ब्लैक लिस्टेड कंपनियों को ठेका दिया गया या नहीं? यह आम आदमी पार्टी की सरकार रेवड़ी सरकार और बेवड़ी सरकार है।’
