बिहार महागठबंधन में मंत्रिमंडल का फॉर्मूला तय! कांग्रेस कोटे से 3 मंत्री होंगे
लालू प्रसाद और सोनिया गांधी से तेजस्वी और जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह की मुलाकात के बाद बिहार में महागठबंधन ने मंत्रिमंडल की पूरी रूपरेखा तैयार कर ली है। मुख्यमंत्री के तौर पर नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री के रूप में तेजस्वी यादव पहले ही शपथ ले चुके हैं। दोनों ने मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर बैठक भी कर ली है।
अब उम्मीद है कि 16 अगस्त को मंत्रिमंडल विस्तार कर दिया जाए। बिहार कांग्रेस के प्रभारी भक्त चरण दास ने कहा कि पार्टी को तीन मंत्री पद मिले हैं। भाकपा माले ने मंत्रिमंडल में शामिल नहीं होने का फैसला लिया है। माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य और माले विधायकों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलकर अपनी बात भी रख दी है।
कुछ ऐसी हो सकती है नीतीश कैबिनेट
सूत्रों के अनुसार मंत्रिमंडल विस्तार का जो खाका तैयार किया गया है उसमें जदयू 18 से 19 विभाग अपने पास रख सकता है। वह 14 मंत्री पद ले सकता है। राजद को 20-21 विभाग मिलेंगे और मंत्री पद 13-14 मिलेगा। पहले भी कुछ मंत्री के पास एक से अधिक विभाग रहे हैं। मुख्यमंत्री के पास एक से अधिक विभाग रहते हैं। हम पार्टी को एक मंत्री पद दिया जाएगा।