IT सेक्टर में दिख रहा मंदी का असर:नौकरियां कम करने लगीं अमेजन, एपल, गूगल जैसी कंपनियां
कोरोना महामारी के बाद दशकों की सबसे ज्यादा महंगाई के चलते दुनिया को अब मंदी का डर सताने लगा है। टेक्नोलॉजी से जुड़ी कंपनियों के लिए पिछले 5-6 महीने काफी बुरे साबित हुए हैं। इस बीच गूगल, अमेजन, एपल, फेसबुक, माइक्रोसॉफ्ट, नेटफ्लिक्स और टेस्ला समेत टेक जगत की तमाम दिग्गज कंपनियां मंदी से निपटने की तैयारी कर रही हैं। इन कंपनियों ने या तो कर्मचारियों की छंटनी की है या भर्तियां कम कर रही हैं। आइए जानते हैं कि मंदी के डर से मजबूर टेक कंपनियां क्या कदम उठा रही हैं।
अल्फाबेट/गूगल
गूगल की पैरेंट कंपनी अल्फाबेट ने भर्ती की प्रक्रिया धीमी कर दी है। कंपनी के CEO सुंदर पिचाई ने एक इंटरनल मेमो में कर्मचारियों को बताया है कि दूसरी तिमाही में गूगल ने भले ही 10 हजार लोगों को भर्ती किया है, लेकिन साल के बचे हिस्से में इसे धीमा किया जाने वाला है। उन्होंने साफ कहा कि अन्य कंपनियों की तरह गूगल के ऊपर भी मंदी का असर होगा। अभी गूगल में 1,64,000 कर्मचारी काम कर रहे हैं।
अमेजन
अमेजन दुनिया में सबसे ज्यादा रोजगार देने वाली कंपनियों में से एक है। मार्च 2022 तक अमेजन के साथ 16 लाख कर्मचारी जुड़े हुए थे। कंपनी ने इस साल अप्रैल में कहा था कि उसके पास जरूरत से ज्यादा कर्मचारी हो गए हैं। उसने कहा था कि महामारी के चलते लीव पर गए कर्मचारी काम पर लौट आए हैं। जिससे कुछ ही दिनों में स्टाफ की जो कमी थी वह वह बहुत ज्यादा हो गई है। इससे उत्पादकता प्रभावित हो रही है। कंपनी अपने कुछ वेयरहाउसेज को लीज पर चढ़ा रही है और ऑफिस स्पेस के डेवलपमेंट को फिलहाल रोक रही है।