Google Analytics Meta Pixel
खास खबरफीचर्ड

नेशनल हेराल्ड केस में सोनिया गांधी को नया समन जारी

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अखबार ‘नेशनल हेराल्ड’ से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को पूछताछ के लिए जारी समन की तिथि एक दिन बढ़ाकर 26 जुलाई कर दी है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि गांधी (75) को सोमवार (25 जुलाई) के बजाय अब मंगलवार को ईडी के सामने पेश होना है।

फिलहाल, तारीख में बदलाव के कारणों का पता नहीं चल सका है। गांधी से गुरुवार को मामले में पहले दिन दो घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की गई। यह जांच कांग्रेस द्वारा प्रवर्तित यंग इंडियन प्राइवेट लिमिटेड में कथित वित्तीय अनियमितताओं से संबंधित है, जिसके पास ‘नेशनल हेराल्ड’ अखबार का मालिकाना हक है।

पूछताछ के लिए हमेशा तैयार हैं सोनिया गांधी: कांग्रेस
इससे पहले कांग्रेस ने गुरुवार को कहा कि ‘नेशनल हेराल्ड’ अखबार से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष पेश हुईं सोनिया गांधी जांच एजेंसी के अधिकारियों के कहने के बाद ईडी कार्यालय से लौटीं और आगे जब भी बुलाया जाएगा, वह पूछताछ के लिए तैयार हैं। इससे पहले, ईडी के सूत्रों ने कहा था कि सोनिया गांधी ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उन्हें जाने देने का अनुरोध किया, जिसे मान लिया गया। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा, ‘यह बात बिल्कुल गलत है कि सोनिया जी ने आग्रह किया कि वह जाना चाहती हैं। सोनिया जी ने कहा कि वह रात में आठ-नौ बजे तक बैठने के लिए तैयार हैं।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *