संजय राउत की ED के सामने आज पेशी
शिवसेना नेता संजय राउत आज यानी शुक्रवार दोपहर 12 बजे प्रवर्तन निदेशालय (ED) के सामने पेश होंगे। संजय को जमीन घोटाला मामले में समन भेजा गया था। उन्होंने शिवसेना कार्यकर्ताओं से ED कार्यालय के सामने इकट्ठा न होने की अपील की है। संजय ने कहा – सभी जानते हैं कि यह पूरी तरह से राजनीतिक है। केंद्रीय एजेंसी ने मुझे तलब किया और मैं एक नागरिक होने के साथ-साथ सांसद भी हूं, इसलिए मैं ED के पास जाऊंगा।
ED ने पात्रा चॉल जमीन घोटाला केस में पूछताछ के लिए राउत को 29 जून को हाजिर होने का नोटिस दिया था। इसके बाद, राउत के वकील ने मुंबई ED ऑफिस जाकर पेशी के लिए मोहलत मांगी थी। उन्होंने डॉक्यूमेंट पेश करने के लिए कम समय मिलने का हवाला दिया था। राउत से पात्रा चॉल जमीन घोटाले से जुड़े दस्तावेज भी लाने को कहा गया है।
राउत ने नोटिस को साजिश बताया था
इससे पहले उन्होंने सोमवार को ED के समन को साजिश करार देते हुए ट्वीट भी किया था, ‘अब मैं समझता हूं कि ED ने मुझे समन क्यों भेजा है। अच्छा है। महाराष्ट्र में बड़े घटनाक्रम चल रहे हैं। बाला साहेब के हम सभी शिव सैनिक एक बड़ी लड़ाई में शामिल हो गए हैं। यह साजिश चल रही है। मेरी गर्दन कट जाए तो भी मैं गुवाहाटी के रास्ते पर नहीं जाऊंगा। चलो। मुझे गिरफ्तार करो! जय महाराष्ट्र!’
