हीटवेव से दुनिया के 7 देश बेहाल:स्पेन, पुर्तगाल और ब्रिटेन में 1700 से ज्यादा मौतें
यूरोप के अलावा दुनिया के 7 देश इस समय भीषण गर्मी से जूझ रहे हैं। ब्रिटेन के इतिहास में पहली बार पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया है। इससे पहले आखिरी बार सबसे ज्यादा तापमान 39.1 डिग्री 2019 में दर्ज किया गया था।
रिपोर्ट के मुताबिक, फ्रांस, इटली, पुर्तगाल, स्पेन और ग्रीस में गर्मी लगातार कहर बरपा रही है। जंगल की आग काबू में नहीं आ रही है। इससे लगातार गर्मी बढ़ रही है। एक हफ्ते में स्पेन और पुर्तगाल में 1700 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। ब्रिटेन में गर्मी से सड़कों पर डामर पिघल गया। स्कूल बंद कर दिए गए हैं। देश एक तरह से ठप है।
ब्रिटेन के लिंकनशायर और हीथ्रो एयरपोर्ट पर भी मंगलवार को 40 डिग्री से ज्यादा तापमान दर्ज किया गया। 33 जगहों पर पारा 38.7 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने राजधानी लंदन समेत मध्य, उत्तरी और दक्षिण-पूर्वी इंग्लैंड के इलाकों में हीटवेव के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
लंदन के कई इलाकों में ट्रेन सर्विस प्रभावित हुई है। मिडिलैंड्स रेलवे ने लोगों से घरों में रहने की अपील की। अलर्ट में कहा कि ट्रैक, हवा की तुलना में 20 डिग्री ज्यादा गर्म होते हैं। तापमान बढ़ा तो फिर ये ट्रैक पिचक और झुक जाएंगे। लंदन में ट्रेनें 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ती हैं। दो दिन में यहां हीटवेव से जुड़ी घटनाओं में 10 लोगों की मौत हुई।
