मुश्किल में फंसी ‘पैडमैन’ की प्रोड्यूसर
एक्टर अक्षय कुमार स्टारर ‘पैडमैन’ की प्रोड्यूसर प्रेरणा अरोड़ा के खिलाफ एनफोर्समेंट डायरेक्टरेट (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया है। प्रेरणा पर अनपेड ड्यूज और लेक ऑफ ट्रांसपेरेंसी के कई आरोप हैं। ED ने मामला दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है।
प्रेरणा पर 31 करोड़ की मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप
रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रेरणा पर 31 करोड़ की मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप है। प्रेरणा को बुधवार (20 जुलाई) को ED के सामने पेश होना था। क्योंकि, प्रेरणा इस वक्त मुंबई में नहीं हैं, इसलिए उनके वकील ED के दफ्तर पहुंचे और उन्होंने समय मांगा है।
करोड़ों की धोखाधड़ी के मामले में 2018 में हुई थी जेल
प्रेरणा अरोड़ा पहले भी करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी के मामले में जेल जा चुकी हैं। 2018 में इकोनामिक ऑफेंस विंग ने प्रेरणा को गिरफ्तार किया था। प्रेरणा को साल 2018 में मुंबई पुलिस की EOW ने फिल्म प्रोड्यूसर वाशु भगनानी के साथ 31.6 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। इस मामले में उनकी गिरफ्तारी आईपीसी की धारा 420 (धोखाधड़ी) और 120 बी (आपराधिक साजिश) के तहत हुई थी। तब प्रेरणा को करीब 8 महीने जेल में रहने के बाद रिहा कर दिया गया था।
