जून में 23% बढ़ा देश का वस्तु निर्यात, आयात में 57% का उछाल
भारत के वस्तु निर्यात (Export) में जून महीने में अच्छी-खासी बढ़ोतरी हुई है। देश का वस्तुओं का निर्यात जून, 2022 में 23.52 फीसदी बढ़कर 40.13 अरब डॉलर पर पहुंच गया है। वहीं, इस दौरान व्यापार घाटा रेकॉर्ड 26.18 अरब डॉलर के स्तर पर रहा है। सरकार की ओर से गुरुवार को जारी आंकड़ों से यह जानकारी मिली है। आंकड़ों के अनुसार, जून में वस्तुओं का आयात (Import) सालाना आधार पर 57.55 फीसदी बढ़ा है। इस उछाल के साथ आयात 66.31 अरब डॉलर पर पहुंच गया। इससे व्यापार घाटा (Trade Deficit) बढ़कर रिकॉर्ड 26.18 अरब डॉलर हो गया है। जून, 2021 में व्यापार घाटा 9.60 अरब डॉलर रहा था।
चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही अप्रैल-जून में निर्यात 24.51 फीसदी बढ़कर 118.96 अरब डॉलर रहा है। वहीं, इस दौरान आयात 49.47 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 189.76 अरब डॉलर पर पहुंच गया है। वित्त वर्ष की पहली तिमाही में व्यापार घाटा बढ़कर 70.80 अरब डॉलर हो गया, जो 2021-22 की पहली तिमाही में 31.42 अरब डॉलर था।
महंगाई के मोर्चे पर मिली राहत
महंगाई के मोर्चे पर राहत मिली है। जून महीने में थोक महंगाई (WPI inflation) तीन महीने के निचले स्तर पर रही। खनिजों की कीमतों में तेज गिरावट के चलते थोक मूल्य सूचकांक आधारित महंगाई में गिरावट आई है। जून महीने में थोक महंगाई 15.18 फीसदी पर रही है। हालांकि, खाद्य वस्तुओं के दामों में तेजी बनी हुई है। थोक मुद्रास्फीति अप्रैल, 2021 से लगातार 15वें महीने 10 फीसदी से ऊपर बनी हुई है। इससे पिछले महीने थोक मुद्रास्फीति 15.88 के रेकॉर्ड उच्च स्तर पर थी। वहीं, जून 2021 में यह 12.07 फीसदी थी।