Google Analytics Meta Pixel
खास खबरफीचर्ड

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे हार गए जिंदगी की जंग

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे (67) की जिंदगी को बचाने के लिए दुनियाभर से की जा रही दुआएं काम नहीं आईं। नारा प्रांत में चुनाव प्रचार के दौरान हमले का शिकार हुए शिंजो आबे का अस्‍पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। उन्‍हें बचाने के लिए डॉक्‍टरों ने पूरा प्रयास किया लेकिन उन्‍हें सफलता नहीं मिल सकी। शिंजो आबे के निधन के साथ जापान में एक युग का अंत हो गया है। आबे ने जापान को द्वितीय विश्‍वयुद्ध की छाया से निकालकर एक आधुनिक देश बनाने का प्रण किया था। शिंजो आबे भले ही इस दुनिया को छोड़कर चले गए हैं लेकिन आज जापान एक ऐसा देश बन गया है जो चीन की हरकतों का करारा जवाब दे रहा है। यही नहीं परमाणु हथियारों से लैस रूस के सामने भी जापान दबता नहीं है।

41 साल के आरोपी तेत्सुया यामागामी ने शिंजो आबे पर गोली चलाई थी जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटनास्थल से पुलिस ने एक हैंडमेड गन बरामद की थी। शिंजो आबे पर हमले के बाद जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा एक चुनाव प्रचार स्थल से टोक्यो लौट आए हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय में किशिदा ने पत्रकारों से कहा था कि आबे का सर्वश्रेष्ठ इलाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘मैं दिल से पूर्व प्रधानमंत्री के ठीक होने की दुआ कर रहा हूं।’ खबरों के मुताबिक नारा शहर में सुबह 11:30 बजे जैसे ही आबे ने बोलना शुरू किया हमलावर ने उन पर दो गोलियां चलाईं। पुलिस ने बताया एक गोली उनके गले और दूसरी उनकी छाती में लगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *