नीलाचल इस्पात का परिचालन जल्द
टाटा स्टील ने सोमवार को कहा कि नीलाचल इस्पात निगम लिमिटेड (एनआईएनएल) का परिचालन पुन: शुरू करने के लिए वह तेजी से काम करेगी और अगले कुछ वर्षों में इसकी क्षमता को बढ़ाकर 45 लाख टन सालाना पर पहुंचाएगी।
दस लाख टन प्रतिवर्ष क्षमता वाले ओडिशा स्थित इस्पात संयंत्र का अधिग्रहण पूरा करने के बाद जारी बयान में टाटा स्टील ने कहा कि एनआईएनएल की क्षमता 2030 तक बढ़ाकर एक करोड़ टन प्रतिवर्ष करने की भी योजना है।
टाटा स्टील ने कहा कि टीएसएलपी ने एनआईएनएल का 93.71 प्रतिशत अधिग्रहण पूरा कर लिया है।
टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी एवं टीएसएलपी के चेयरमैन टी वी नरेंद्रन ने कहा, ‘‘यह अधिग्रहण एक ऐतिहासिक उपलब्धि होने के साथ-साथ टाटा स्टील समूह के लिए समर्पित सरिये जैसे लॉन्ग प्रोडक्ट केंद्र के निर्माण की दिशा में एक अहम कदम है।’’
