कांग्रेस मुख्यालय से ED कार्यालय जा रहे थे मुख्यमंत्री, रोका तो धरने पर बैठे
दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय से ED कार्यालय की ओर प्रदर्शन करने जा रहे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पुलिस ने रोक लिया। मुख्यमंत्री सड़क पर बैठकर धरना देने लगे तो उन्हें वहां से उठाकर वापस भेज दिया गया। वहीं से स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव, प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम, मंत्री अमरजीत भगत, विधायक शैलेश पाण्डेय, युवा कांग्रेस के सुबोध हरितवाल, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के चौलेश्वर चंद्राकर आदि को गिरफ्तार कर बसंत कुंज थाने में बिठा दिया गया है।
धरने के दौरान मीडिया से बातचीत में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार पर फोन टैपिंग का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा भाजपा छत्तीसगढ़ में राज्य सरकार को अस्थिर करने की कोशिश कर रही है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अग्निपथ योजना से देश के युवा गुस्से में हैं। ये योजना देश के हित में नहीं है, इसे वापस लेना चाहिए। उन्होंने कहा, भाजपा चार साल बाद सेवानिवृत्त युवाओं को अपने कार्यालय में चौकीदार के रूप में रखना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की मंशा आरक्षण खत्म करने की है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, राहुल गांधी को परेशान किया जा रहा है। वो किसानों, नौजवानों, महंगाई, बेरोज़गारी और केंद्र सरकार के भ्रष्टाचार की बात करते हैं, इसलिए उनसे पांच दिन से पूछताछ हो रही है। उनका साथ देने वाले कार्यकर्ताओं की पीठ पर लाठियां बरसाई जा रही हैं।
