कांग्रेस पर किया तंज और अपनी सरकार की खूबियां गिनाईं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को तीन दिन के यूरोप दौरे के पहले दिन जर्मनी पहुंचे। यहां उन्होंने जर्मन चांसलर ओलाफ स्कोल्ज के साथ डेलिगेशन लेवल मीटिंग की। इसके बाद PM ने जर्मनी की राजधानी बर्लिन में रहने वाले भारतीय समुदाय को संबोधित किया।
प्रधानमंत्री ने दुनिया भर में भारत की बढ़ती धमक के साथ देश में आ रहे नए बदलाव के बारे में बात की। अपने संबोधन के बीच में कांग्रेस पर सियासी तंज किया। हम आपको प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन की 10 बड़ी बातें बता रहे हैं।
ये मेरा सौभाग्य है कि मुझे मां भारती की संतानों से आज जर्मनी में आकर मिलने का अवसर मिला है। आपका प्यार और आशीर्वाद मेरी बहुत बड़ी ताकत है। आज का भारत मन बना चुका है, संकल्प लेकर आगे बढ़ रहा है। जब किसी देश का मन बन जाता है तो वो देश नए रास्तों पर भी चलता है और मनचाही मंजिलों को हासिल करके दिखाता है।
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर तंज करते हुए कहा कि अब किसी प्रधानमंत्री को नहीं कहना पड़ेगा कि एक रुपया भेजता हूं तो 15 पैसे पहुंचता है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वो कौन सा पंजा था जो 85 पैसे घिस लेता था। बता दें कि उनका इशारा पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की तरफ था, जिन्होंने 90 के दशक में यह बयान दिया था।
