अब यह गुदड़ी का लाल बना वर्ल्ड चैंपियन
गुरुनायडू सनापति ने मैक्सिको के लियोन में आईडब्ल्यूएफ (अंतरराष्ट्रीय भारोत्तोलन महासंघ) में इतिहास रच दिया। वह विश्व युवा चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय वेटलिफ्टर बने। इस 16 वर्षीय वेटलिफ्टर ने 55 किग्रा भार वर्ग में 230 किग्रा (104 किग्रा और 126 किग्रा) के कुल प्रयास के साथ सोने का तमगा जीता।
किसान के बेटे सनापति को एक वक्त बड़ी मुश्किल से पेटभर खाना नसीब होता था। उनकी खोराक भी पूरी नहीं होती थी। पिता दूसरे के खेतों में काम करते थे। तमाम परेशानियों के बावजूद गुरुनायडू हार नहीं माने और अपने सपने का पीछा करते रहे। उनकी जिद ही थी कि आज वह मुश्किलों से लड़कर विश्व चैंपियन बन गए हैं। एशियाई युवा भारोत्तोलन चैंपियनशिप 2020 के कांस्य पदक विजेता सनापति शीर्ष पर रहे।