राष्ट्रपति पद के लिए शरद पवार की दावेदारी:विपक्षी दल NCP चीफ के नाम पर राजी
देश में 18 जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव से पहले विपक्षी दलों की बैठकें जारी हैं। राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार के नाम पर बातचीत हो रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक विपक्ष की बैठकों में एनसीपी चीफ शरद पवार के नाम पर चर्चा हो रही है। अगर दलों की सहमित हुई तो शरद पवार को विपक्ष राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार बना सकता है।
गुरुवार को कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने शरद पवार से मुंबई में मुलाकात की थी। कहा जा रहा है कि शरद पवार से मिलकर मल्लिकार्जुन ने हिंट दे दी है कि कांग्रेस शरद पवार के नाम पर सहमत हैं। खड़गे ने इस बारे में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन से भी बात की है। वहीं, रविवार को आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने भी शरद पवार से फोन पर बात की थी।
शरद पवार का कई गठबंधन और गठबंधन सरकारें बनाने में अहम योगदान रहा है। एनसीपी चीफ का महाराष्ट्र में भाजपा को सत्ता को बेदखल करने के लिए शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस को एक साथ लाने में अहम योगदान रहा।
15 जून को ममता ने बुलाई है विपक्ष की बैठक
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 8 राज्यों के CM समेत विपक्ष के 22 नेताओं को पत्र लिखा है। पत्र में सभी 22 नेताओं को 15 जून को होने वाली एक संयुक्त बैठक में शामिल होने का न्योता दिया है। यह बैठक कॉन्स्टीट्यूशन क्लब दिल्ली में बुलाई गई है।
