थम नहीं रही है एलआईसी में गिरावट, हरेक शेयर पर 240 रुपये पहुंचा घाटा
एलआईसी (LIC) का शेयर रोज नए-नए रेकॉर्ड लो (record low) बना रहा है। शुक्रवार को यह एक बार फिर ऑल टाइम लो पर पहुंच गया। बीएसई (BSE) पर कारोबार के दौरान यह एक फीसदी गिरावट के साथ 709.20 रुपये पर पहुंच गया। इसका इश्यू प्राइस 949 रुपये था। यानी निवेशकों को हर शेयर पर करीब 240 रुपये का घाटा हो चुका है। यह शेयर अब तक निवेशकों की करीब एक चौथाई से भी ज्यादा वेल्थ स्वाहा कर चुका है। पॉलिसीहोल्डर्स (policyholders) और रिटेलर्स (retailers) को भी तगड़ा झटका लगा है। उन्हें इश्यू प्राइस पर 60 रुपये और 45 रुपये की छूट मिली थी। लेकिन उन्हें भी अब तक करीब 20 फीसदी घाटा हो चुका है। सुबह 11.30 बजे एलआईसी का शेयर 1.05% की गिरावट के साथ 714.35 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।
एलआईसी का शेयर जब लिस्ट हुआ था तो कंपनी का मार्केट कैप छह लाख करोड़ रुपये था जो अब घटकर 4.52 लाख करोड़ रुपये रह गया है। इस तरह एलआईसी के निवेशकों की 1.5 लाख करोड़ से अधिक वेल्थ स्वाहा हो चुकी है। यह टाटा मोटर्स (Tata Motors), टाटा स्टील (Tata Steel), महिंद्रा एंड महिंदा (Mahindra and Mahindra) और जेएसडब्ल्यू स्टील (JSW Steel) के मार्केट कैप से अधिक है। इसके बावजूद एलआईसी देश की सातवीं सबसे मूल्यवान कंपनी बनी हुई है।
