CM भूपेश ने की मदद; अब फिर पढ़ाई शुरू करेगा प्रकाश
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के नक्सल हिंसा पीड़ित युवक का अब डॉक्टर बनने का सपना पूरा होगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उसके लिए 5 लाख रुपए की आर्थिक मदद की घोषणा की है। जिसका आदेश भी जारी कर दिया गया है। अब युवक इन पैसों से वापस किर्गिस्तान जाएगा और वहां अधूरी छोड़ी MBBS की पढ़ाई पूरी करेगा। आर्थिक मदद मिलने की जानकारी मिलते ही युवक का परिवार बेहद खुश है। मदद करने के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को धन्यवाद कहा है।
युवक का नाम प्रकाश गोटे है जो बीजापुर जिले के भैरमगढ़ ब्लॉक के फरसेगढ़ गांव का रहने वाला है। प्रकाश के पिता सलवा जुडूम के नेता और जनपद पंचायत सदस्य थे। वे अपने गांव में विकास चाहते थे। लेकिन उन्हें नक्सलियों ने मार दिया था। जैसे-तैसे पैसे इकट्ठा कर MBBS की पढ़ाई करने के लिए प्रकाश किर्गिस्तान गया था। लेकिन, कोरोना की वजह से अपने देश लौटना पड़ा। आर्थिक तंगी की चोट इस कदर लगी की दोबारा विदेश जा ही नहीं पाया। पढ़ाई पूरी करने के लिए अफसरों और नेताओं के सामने मदद के लिए हाथ फैलाए थे, फिर भी किसी ने मदद नहीं की।
