चंद रुपयों के लिए बचपन में जगराते में परफॉर्म करती थीं नेहा
अपने बेहतरीन गानों से सालों से देश को थिरका रहीं नेहा कक्कड़ आज पूरे 34 सालों की हो चुकी हैं। नेहा का जन्म एक गरीब परिवार में हुआ था। माता-पिता जगराता कर कमाई करते थे। घर की आर्थिक स्थिति इतनी खराब था कि नेहा ने भी महज 4 साल की उम्र में स्टेज पर घरवालों के साथ गाना शुरू कर दिया था। एक समय था जब नेहा पूरे परिवार के साथ महज एक कमरे में गुजारा करती थीं, यही नेहा आज इंडस्ट्री की सबसे कामयाब एक्ट्रेस हैं और करोड़ों के घर में रहती हैं। 500 रुपए से करियर शुरू करने वाली नेहा आज पूरे 34 करोड़ रुपए की संपत्ति की मालकिन हैं, जो हर गाने के करीब 8-10 लाख रुपए फीस लेती हैं।
आज जन्मदिन के खास मौके पर आइए जानते हैं कैसा था उनका स्ट्रगल से लेकर कामयाब सिंगर बनने का सफर-
नेहा कक्कड़ का जन्म 6 जून 1988 में ऋषिकेश में हुआ था। इनकी एक बड़ी बहन सोनू और एक छोटा भाई टोनी है। ऋषिकेश में नेहा दो भाई-बहनों और माता-पिता के साथ एक कमरे के किराए के घर में रहती थीं। गरीबी का आलम ऐसा था कि इनके घर में किचन तक नहीं था। ऐसे में मां ने इकलौते कमरे में ही एक टेबल रखकर उसे किचन बना लिया।
महज दो साल की उम्र में ही नेहा का पूरा परिवार ऋषिकेश से दिल्ली शिफ्ट हो गया था। नेहा के पिता स्कूल के बाहर घूम-घूमकर समोसे बेचा करते थे और जब इससे घर खर्च निकाल पाना मुश्किल हुआ तो वो जगराता, जागरण और स्टेज पर परफॉर्म करने लगे।
