सलाम रॉकी भाई! KGF 2 में अभी बाकी है जान, 28 दिन बाद भी करोड़ों में कमाई
‘केजीएफ: चैप्टर 2’ (KGF: Chapter 2) की जितनी भी तारीफ की जाए कम है! ऐसा इसलिए कि बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म 28 दिनों बाद भी करोड़ों में कमाई कर रही है। रॉकी भाई के रूप में यश (Yash) को देखकर थिएटर्स में अभी भी तालियां बज रही हैं। रणवीर सिंह जैसे स्टार्स भी सीटियां बजा रहे हैं। इसका असर यह है कि इस फिल्म ने चौथे हफ्ते में 28वें दिन भी सिर्फ हिंदी वर्जन से 2 करोड़ रुपये का बिजनस किया है। इस तरह हिंदी में जहां फिल्म की कुल कमाई 412.31 करोड़ रुपये हो गई है, वहीं देशभर में कुल कमाई का आंकड़ा 826.55 करोड़ रुपये पहुंच गया है। सबसे दिलचस्प वर्ल्डवाइड कमाई का गणित है। प्रशांत नील की इस ऐक्शन-थ्रिलर फिल्म ने वर्ल्डवाइड 28 दिनों में 1175 करोड़ रुपये (KGF 2 Worldwide Collection Day 28) के करीब बिजनस कर लिया है। जाहिर है, यह सब पढ़कर आपका दिल भी यही कह रहा होगा- सलाम रॉकी भाई!
‘केजीएफ 2’ के आगे बॉक्स ऑफिस पर इस बीच रिलीज हुई कोई फिल्म नहीं टिक पाई। फिर चाहे वह टाइगर श्रॉफ की ‘हीरोपंती 2’ हो या अजय देवगन-अमिताभ बच्चन की ‘रनवे 34’, सारी फिल्म फुस्स साबित हुईं। यहां तक कि हालिया रिलीज हॉलिवुड फिल्म ‘डॉक्टर स्ट्रेंज इन द मल्टीवर्स ऑफ मैडनेस’ भी KGF 2 की कमाई की रफ्तार को नहीं रोक पाई।
