शुभमन गिल की पावर बैटिंग से पानी-पानी हुई लखनऊ
लखनऊ के बोलर्स की सटीक गेंदबाजी के चलते गुजरात ने अपनी इनिंग्स के 15 ओवर्स में तीन विकेट पर केवल 92 रन जोड़े थे। ओपनर गिल पिच से रुककर आ रही गेंद से थोड़े वाकिफ हो चुके थे। उन्होंने पहले डेविड मिलर (26 रन, 24 गेंद) के साथ चौथे विकेट के लिए 52 रन जोड़े। हालांकि, ये रन 41 गेंदों में आए। इसके बाद गिल को राहुल तेवतिया (22* रन, 16 गेंद) का साथ मिला। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए चार ओवर्स में 41 रन की नाबाद साझेदारी की।
गुजरात के खाते में अंतिम पांच ओवर्स में 52 रन जुड़े। इसमें जेसन होल्डर के आखिरी ओवर से आए 16 रन भी शामिल हैं। शुभमन से पहले किसी ओपनर के नाबाद रहते हुए इतने कम रन बनाने का वाकया छह साल पहले हुआ था। तब शिखर धवन आईपीएल के एक मैच में ओपनिंग करते हुए 56* रन (53 गेंद) बनाकर नॉट आउट रहे थे। यही नहीं, गिल ने अपनी पारी में एक भी छक्का नहीं लगाया। इससे पहले सचिन तेंदुलकर 2009 में ओपनिंग करते हुए नॉट आउट लौटे थे, जबकि उनके खाते में एक भी सिक्स नहीं था। ऐसा IPL में दो ही बार हुआ है।
मोहसिन ने फिर छोड़ा असर
सुपर जायंट्स के बाएं हाथ के युवा फास्ट बोलर मोहसिन खान ने आईपीएल में पहली बार गुजरात टाइटंस के खिलाफ ही खेला था। उसके बाद से हरेक अगले मैच में उन्होंने अपने प्रदर्शन से छाप छोड़ी है। उत्तर प्रदेश के संभल के रहने वाले इस 23 साल के बोलर ने लखनऊ को एक बार फिर मनमाफिक शुरुआत दिलाई जब उन्होंने अपने दूसरे ही ओवर में टाइटंस के ओपनर ऋद्धिमान साहा (5 रन) को अवेश खान के हाथों कैच करवा दिया।
