रायपुर सहित कई जिलों में उठी धूल भरी आंधी, गरज-चमक साथ बरसात
छत्तीसगढ़ में चल रही लू के बीच राहत के छींटे पड़े हैं। रायपुर, दुर्ग सहित कई जिलों में चार बजे के करीब धूल भरी आंधी उठी। उसके बाद गरज-चमक के साथ बरसात भी शुरू हो गई। इसकी वजह से मौसम पूरी तरह बदल गया है। काेरिया में सुबह भी हल्की बरसात दर्ज की गई थी।
राजधानी रायपुर सोमवार को दिन की शुरुआत तेज धूप के साथ ही हुई थी। दोपहर बाद यहां बादल छा गए। उसके बाद तेज आंधी उठी। इसकी वजह से सड़कों की धूल आसमान में छा गई। अचानक दृश्यता कम हो गई। बूढ़ातालाब के पास प्रदर्शनकारियों के टेंट उड़ गए। वहीं कई कंस्ट्रक्शन साइट पर काम बंद करना पड़ा। कुछ जगहों पर पेड़ों की डाल टूटने की भी खबर है। आंधी की वजह से शहर के कई हिस्सों में बिजली कट गई। इससे लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। करीब आधे घंटे की आंधी के बाद गरज-चमक के साथ हल्की बरसात शुरू हो गई। भिलाई और कोरिया जिलों में भी बरसात हुई। आंधी-पानी की वजह से तापमान भी कम हुआ। शाम तक प्रदेश के अधिकांश केंद्रों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच चुका था। इस बदलाव की वजह से लोगों को कुछ दिनों के लिए भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना बन गई है।