नवाज के बाद छोटे भाई शहबाज बनेंगे पाकिस्तान के नए वजीर-ए-आजम
इमरान खान अब पूर्व प्रधानमंत्री हो गए हैं। विपक्षी गठबंधन PDM ने उनकी हर चाल नाकाम कर दी। खान साहब बड़े बेआबरू होकर बनीगाला की रिहाइश में पहुंच चुके हैं। इमरान ने करीब चार साल की सत्ता के दौरान नवाज शरीफ, शहबाज शरीफ और पूरे विपक्ष को चोर, डाकू और लुटेरा बताया। इनसे हाथ मिलाना तो दूर कभी दुआ सलाम भी नहीं की। लेकिन, वक्त का पहिया फिरता है और फिरा। अब शहबाज शरीफ प्रधानमंत्री बनेंगे। बिलावल भुट्टो डिप्टी प्राइम मिनिस्टर बन सकते हैं। हालांकि, इमरान जो बदहाली फैला गए हैं, उसे सुधारने में बहुत वक्त लगेगा।
अनुभव की कमी नहीं
शहबाज उस पंजाब प्रांत के मुख्यमंत्री रह चुके हैं, जिसे पाकिस्तान का दिल कहा जाता है। दुनिया के हर हिस्से में नवाज और शहबाज के कनेक्शन हैं। हमारे देश से भी उनके अच्छे रिश्ते रहे हैं। नवाज लंदन में थे तो शहबाज ने पार्टी को बखूबी संभाला। नवाज के उलट शहबाज के पाकिस्तानी फौज के साथ अच्छे संबंध हैं। फौज का शहबाज को पूरा समर्थन है।
भारत से सीजफायर जारी रहेगा
शहबाज और नवाज के भारत से अच्छे रिश्ते रहे हैं। दोनों देशों के बीच एक साल से ज्यादा वक्त से सीजफायर है। अब ये ज्यादा मजबूत तरीके से चल सकता है। पाकिस्तान सेना प्रमुख कमर बाजवा पिछले दिनों सीजफायर के मुद्दे को उठा चुके हैं। बाजवा का कहना है कि यदि भारत इस मुद्दे पर राजी है तो पाक को कोई आपत्ति नहीं है। साथ ही दोनों देशों के बीच आधिकारिक रूप से व्यापार शुरू हो सकता है। इमरान ट्रेड का विरोध करते रहे थे।