Google Analytics Meta Pixel
देशफीचर्ड

नेपाल के पीएम शेर बहादुर देउबा ने प्रधानमंत्री मोदी से की मुलाकात

नई दिल्ली : नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच यह मुलाकात दिल्ली के हैदराबाद हाउस में हुई। बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों की मजबूती पर जोर दिया। नेपाल के पीएम शेर बहादुर देउबा तीन दिवसीय भारत दौरे पर आए हैं। नेपाल के प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला भारत दौरा है। नेपाली पीएम ने इससे पहले शुक्रवार को विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ मुलाकात की थी।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर से की थी मुलाकात
नेपाली प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा से मुलाकात के बाद विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भरोसा जताया था कि नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा की भारत की मौजूदा यात्रा दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करेगी। जयशंकर ने देउबा से मुलाकात के बाद एक ट्वीट में कहा, ‘नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा की भारत की आधिकारिक यात्रा के दौरान उनसे मिलकर खुशी हुई। आश्वस्त हूं कि उनकी यात्रा हमारे करीबी पड़ोसी संबंध को और मजबूत करेगी।’

बीजेपी मुख्यालय में नड्डा से की थी मुलाकात
नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा ने शुक्रवार को बीजेपी मुख्यालय का दौरा किया था। उन्होंने पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा और अन्य नेताओं से मुलाकात की थी। सूत्रों ने बताया कि दोनों नेताओं ने अपनी पार्टियों के बीच संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा की थी। उन्होंने दोनों पड़ोसियों के बीच ऐतिहासिक संबंधों पर भी चर्चा की थी। नड्डा और भाजपा के विदेशी मामलों के प्रकोष्ठ के प्रमुख विजय चौथाईवाले सहित अन्य लोगों ने देउबा का स्वागत किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *