पंजाब में राहुल गांधी का दूसरा दिन:मानसा, बरनाला, राजपुरा में करेंगे चुनाव प्रचार
कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज, यानी मंगलवार को भी पंजाब में हैं। वह बरनाला, राजपुरा और मानसा में पार्टी के लिए प्रचार करेंगे। मानसा से पंजाब के विवादित सिंगर शुभदीप सिंह उर्फ सिद्धू मूसेवाला कांग्रेस उम्मीदवार हैं। आखिरी दौर में कांग्रेस ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक रखी है।
प्रियंका गांधी भी पंजाब में हैं और वह अमृतसर ईस्ट में नवजोत सिद्धू के लिए वोट मांगेंगी। रोपड़ में भी उनका चुनाव प्रचार होगा। पंजाब में 18 फरवरी को प्रचार का अंतिम दिन है। 20 फरवरी को वोटिंग होगी। मतगणना 10 मार्च को होगी।
कल राहुल की दो रैलियां हुई
चुनाव की घोषणा के बाद राहुल गांधी का पंजाब में यह चौथा दिन है। पहले वह जालंधर में वर्चुअल रैली और लुधियाना में चरणजीत चन्नी को CM चेहरा घोषित करने के लिए आए थे। इसके बाद सोमवार को उन्होंने होशियारपुर और गुरदासपुर में चुनावी रैलियों को संबोधित किया।
पंजाब में शांति और भाईचारे का तर्क दे रहे राहुल
राहुल गांधी लगातार पंजाब में शांति और भाईचारे का तर्क दे रहे हैं। उनका कहना है कि पंजाब के लोगों को किसी दूसरे को आजमाने की जरूरत नहीं। पंजाब की भलाई के लिए कांग्रेस को फिर सत्ता में लाएं। राहुल सीधे PM नरेंद्र मोदी और आम आदमी पार्टी पर हमला कर रहे हैं। केंद्र को वह उनकी नोटबंदी, GST और कोरोना जैसे मुद्दे पर घेर रहे हैं। वहीं, आम आदमी पार्टी के कोरोना काल में दिल्ली में फेल होने का तर्क दे रहे हैं।