CM प्रमोद सावंत की सीट पर सबसे ज्यादा 89% मतदान
देश के सबसे छोटे राज्य गोवा की सभी 40 विधानसभा सीटों पर वोटिंग खत्म हो गई है। राज्य में शाम 6 बजे पोलिंग खत्म होने तक 78.94% मतदान हुआ। हालांकि फाइनल आंकड़ा सभी बूथ से आखिरी रिपोर्ट आने के बाद जारी किया जाएगा। नॉर्थ गोवा की सीटों पर 79.84%, जबकि साउथ गोवा की सीटों पर 78.15% पोलिंग दर्ज किया गया है।
राज्य में 2017 के पिछले विधानसभा चुनाव में 82.56% वोटर्स ने मतदान किया था, जो 2012 के मुकाबले 0.38% कम था। इस बार भी फाइनल पोल परसंटेज आने पर इसके कम ही रहने की संभावना जताई जा रही है।
राज्य में सबसे ज्यादा 89.64% वोट नॉर्थ गोवा की सेंकोलिन विधानसभा सीट पर पड़े, जहां से मौजूदा मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत चुनाव लड़ रहे हैं। पूर्व CM और देश के रक्षा मंत्री रहे मनोहर पर्रिकर के बेटे उत्पल पर्रिकर की पणजी विधानसभा सीट पर 73.75% मतदान दर्ज किया गया। आम आदमी पार्टी (AAP) की तरफ से मुख्यमंत्री चेहरा घोषित किए गए अमित पालेकर की सेंट क्रूज विधानसभा सीट पर भी 73.97% मतदाताओं ने ही वोट डाला है।
ऐसे बढ़ा राज्य में वोट का आंकड़ा
राज्य में शुरुआती दो घंटे यानी सुबह 9 बजे तक गोवा में 11.04% वोटिंग हुई थी। सुबह 11 बजे तक यह आंकड़ा बढ़कर 26.63% और दोपहर 1 बजे तक ये आंकड़ा 44.63 % हो गया। दोपहर 3 बजे तक गोवा में 60.18% मतदान हुआ, वहीं शाम 5 बजे यह आंकड़ा 75.29% हो गया था।