खाना खाते ही क्या आप भी तुरंत भागते हैं टॉयलेट
पेट से जुड़ी कोई भी समस्या हो, व्यक्ति को परेशान करती है। खासतौर से अगर हर भोजन के बाद उसे शौच जाने की इच्छा हो, तो यह थकाने वाली स्थिति होती है। देखा जाए, तो यह अच्छी और स्वस्थ आदत नहीं है। हालांकि व्यक्ति समझ नहीं पाता, कि ऐसा क्यो हो रहा है। कुछ लोगों को लगता है कि जरूरत से ज्यादा भोजन करने के कारण ऐसा हो रहा है, लेकिन यही एक वजह नहीं है, बल्कि कुछ अन्य कारणों से भी भोजन के बाद शौच जाने की इच्छा महसूस हो सकती है।
अगर आपके साथ भी नियमित रूप से ऐसा होता है, तो आपको तुरंत इसकी जांच करानी चाहिए। क्योंकि इससे कमजोरी के साथ थकावट होने लगती है। विशेषज्ञ कहते हैं कि भोजन करने के बाद भोजन को आपके पेट और आंत से गुजरने में लगभग 6-8 घंटे लगते हैं। इसके बाद ये आगे पाचन और अवशोषण के लिए आंत में जाता है। इस प्रक्रिया के पूरी होने के बाद भोजन को शरीर से बाहर निकाल दिया जाता है। इसलिए अगर आपको लगता है कि जो खाना आप खाते हैं, वो कुछ ही घंटों में पच जाता है, तो आप गलत हैं। आइए जानते हैं कि भोजन के ठीक बाद कई लोगों को शौच जाने की जरूरत क्यों पड़ती है।
गैस्ट्रो कॉलिक रिफ्लेक्स एक फिजियोलॉजिकल रिफ्लक्स है, जो भोजन के बाद लोअर गैस्ट्रोइंटेस्टनाइल ट्रेक्ट को नियंत्रित करता है। भोजन के बाद शौच करने की इच्छा को अक्सर गैस्ट्रो कॉलिक रिफ्लेक्स कहा जाता है। इस मामले में भोजन करने के बाद कोलन में एक प्रतिक्रिया शुरू हो जाती है और इससे कोलोनिक संकुचन होता है। भोजन के सेवन के बाद यह कोलोनिक संकुचन शरीर में पचे हुए भोजन को शौच के लिए मलाशय की तरफ धकेलता है। अक्सर इरिटेबल बॉवेल सिंड्रोम वाले लोगों में गैस्ट्रो कॉलिक रिफ्लेक्स की समस्या ज्यादा देखी जाती है। इसलिए लोग जो सोचते हैं , उसके विपरीत भोजन के ठीक बाद का मल वही होता है, जो व्यक्ति 1-2 दिन पहले खाता है।