Google Analytics Meta Pixel
खेलफीचर्ड

जोकोविच की रवानगी के बाद फोकस ऑस्ट्रेलियाई ओपन पर

मेलबर्न
नौ बार के चैंपियन नोवाक जोकोविच की रवानगी के साथ ही सोमवार से शुरू हुए ऑस्ट्रेलियाई ओपन में फोकस अब टेनिस पर आ गया है तथा जहां 20 बार के ग्रैंडस्लैम विजेता रफेल नडाल और पिछली चैंपियन नाओमी ओसाका ने जीत के साथ आगाज किया तो वही पूर्व चैंपियन सोफिया केनिन को हार का सामना करना पड़ा।

साल के इस पहले ग्रैंडस्लैम की शुरुआत से पहले सारी सुर्खियां दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी जोकोविच को लेकर थी जिनका वीजा ऑस्ट्रेलिया के कड़े कोरोना टीकाकरण नियमों में मेडिकल छूट के लिए जरूरी शर्तें पूरी नहीं करने के कारण दो बार रद्द कर दिया गया। वह दुबई के रास्ते सर्बिया रवाना हो गए हैं।

पुरुष एकल में नडाल ने अमेरिका के मार्कोस गिरोन को 6-1, 6-4, 6-2 से हराया। जोकोविच, नडाल और रोजर फेडरर 20 ग्रैंडस्लैम जीत चुके हैं। फेडरर घुटने की सर्जरी के कारण नहीं खेल रहे हैं जबकि जोकोविच को कोरोना का टीका नहीं लगाने के बाद ऑस्ट्रेलिया में प्रवेश नहीं दिया गया। नडाल की नजरें ओपन युग में चारों ग्रैंडस्लैम दो बार जीतने वाले जोकोविच के बाद दूसरे खिलाड़ी बनने पर लगी है।

जोकोविच 2021 में फ्रेंच ओपन जीतने के बाद यह कमाल कर चुके हैं। ऑस्ट्रेलिया के रॉय एमर्सन और रॉड लेवर हर ग्रैंडस्लैम दो या अधिक बार जीत चुके हैं।

महिला वर्ग में ओसाका ने कामिला ओसोरियो को 6-3, 6-3 से हराया। ओसाका ने पिछले साल यहां जीतने के बाद फ्रेंच ओपन 2021 से दूसरे दौर के मैच के बाद नाम वापस ले लिया था और विंबलडन भी नहीं खेलीं। तोक्यो ओलिंपिक में वह तीसरे दौर में बाहर हो गईं। ओसाका टूर्नामेंट के चौथे दौर में रैंकिंग में शीर्ष पर काबिज ऐश बार्टी का सामना कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *