देश के सबसे कम बेरोजगारी वाले राज्यों में चौथे नंबर पर
कोरोना महामारी ने आर्थिक गतिविधियों पर बुरा असर डाला है, वहीं देश के कई हिस्सों में बेरोजगारी भी बढ़ी है। छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh News Update) उन राज्यों में शामिल है, जहां बेरोजगारी सबसे कम है। इस मामले में यह राज्य चौथे नंबर पर है। यह बात सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इंडियन इकोनॉमी संगठन की हाल ही में जारी रिपोर्ट में सामने आई है।
आधिकारिक तौर पर उपलब्ध कराई गई जानकारी में बताया गया है कि सीएमआईई की तरफ से हाल ही में जारी किए गए बेरोजगारी के आंकड़ों के अनुसार छत्तीसगढ़ 2.1 प्रतिशत के साथ देश में सबसे कम बेरोजगारी वाले राज्यों में चौथे क्रम पर आया है। दिसंबर 2021 की स्थिति के अध्ययन के बाद सीएमआईई की तरफ जारी आंकड़ों के अनुसार देश में सबसे कम बेरोजगारी दर कर्नाटक में 1.4 प्रतिशत और सर्वाधिक बेरोजगारी दर हरियाणा में 34.1 प्रतिशत बताई गई है।
छत्तीसगढ़ ने समावेशी विकास का लक्ष्य निर्धारित करते हुए तीन साल पहले महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज्य की परिकल्पना के अनुरूप नया मॉडल अपनाया था, जिसके तहत गांवों और शहरों के बीच आर्थिक परस्परता बढ़ाने पर जोर दिया गया है। इसी मॉडल के अंतर्गत गांवों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए सुराजी गांव योजना, नरवा-गरवा-घुरवा-बारी कार्यक्रम, गोधन न्याय योजना, राजीव गांधी किसान न्याय योजना, राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना, रूरल इंडस्ट्रीयल पार्कों की स्थापना, लघु वनोपजों के संग्रहण एवं वैल्यू एडीशन, उद्यमिता विकास जैसी योजनाओं और कार्यक्रमों का क्रियान्वयन किया जा रहा है।
