15 करोड़ डोज तैयार, 28 दिनों के अंतराल पर लेने होंगे दोनों डोज
भारत ने मंगलवार को कोरोना वायरस के दो नए टीकों को आपातकालीन इस्तेमाल की मंजूरी दी। CDSCO ने Corbevax और Covovax नाम की दो वैक्सीन को अप्रूवल दिया है। Corbevax को बेलर कॉलेज ऑफ मेडिसिन और बायोलॉजिकल ई ने मिलकर डिवेलप किया है। भारत में बायोलॉजिकल ई ही इसका उत्पादन करेगी। यह भारत में बना पहला प्रोटीन आधारित कोविड टीका है। इन दो मंजूरियों के साथ ही भारत में मंजूरी पाई वैक्सीन की तादाद बढ़कर 8 हो गई है। इनमें कोविशील्ड, कोवैक्सिन, जायकोव डी, स्पूतनिक V, मॉडर्ना, जॉनसन ऐंड जॉनसन, कोरबीवैक्स और कोवोवैक्स शामिल हैं।
Corbevax : 28 दिन के गैप पर लगेगी दूसरी डोज
दो डोज वाली यह वैक्सीन इंजेक्शन के जरिए दी जाती है। पहली डोज लगने के 28 दिन बाद दूसरी डोज लगती है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इस वैक्सीन को 2-8 डिग्री सेल्सियस तापमान के बीच स्टोर किया जा सकता है। इस वैक्सीन की सिंगल डोज 0.5 मिलीलीटर और वायल पैक 5 ml (10 डोज) में आता है।