लग सकता है लॉकडाउन, ओमीक्रोन के रिकॉर्ड मामलों से घबराए पीएम जॉनसन!
लंदन
ब्रिटेन सरकार कोरोना वायरस के नये स्वरूप ओमीक्रोन के प्रसार की गति को थामने के लिए क्रिसमस के बाद दो सप्ताह के लॉकडाउन की योजना बना रही है। ब्रिटिश मीडिया में शनिवार को प्रकाशित रिपोर्ट में लॉकडाउन से संबंधित जानकारी दी गई है। ब्रिटेन में पिछले तीन दिन से रिकॉर्ड मामले सामने आ रहे हैं। शुक्रवार को ही पूरे देश में कोरोना के 93 हजार से ज्यादा केस मिले थे।
पीएम बोरिस जॉनसन कर रहे समीक्षा
द टाइम्स के अनुसार, मसौदा नियम तैयार किए जा रहे हैं, जिसमें कामकाज के अपवाद को छोड़कर बंद कमरे के अंदर बैठक करने पर प्रतिबंध और पब और रेस्तरां को आउटडोर सर्विस तक सीमित करने की योजना शामिल है। द फाइनेंशियल टाइम्स में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन के समक्ष तथाकथित प्लान सी के तहत कई विकल्प प्रस्तुत किये गये हैं, जिनमें ‘हल्के प्रतिबंध से लेकर लॉकडाउन तक शामिल हैं।
कोरोना के बढ़ते मामलों से डरा हुआ है ब्रिटेन
आपातकालीन स्थिति के लिए ब्रिटिश सरकार के वैज्ञानिक सलाहकार समूह से लीक हुए ब्योरे से खुलासा हुआ है कि वैज्ञानिकों ने मंत्रियों को चेतावनी दी है कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा के लिए प्रबंधनीय स्तरों के दायरों में अस्पताल में भर्ती करने के मामले में बहुत जल्द सख्त कदम उठाये जाने की आवश्यकता है। ब्योरे की प्रति बीबीसी को प्राप्त हुई है।
