चीन में मिली 2200 साल पुरानी भगवान बुद्ध की मूर्ति
बीजिंग
चीन में भगवान बुद्ध की 2200 साल पुरानी तांबे से बनी मूर्ति मिली है। यह चीन में अपनी तरह की सबसे पुरानी बुद्ध मूर्ति है। इस मूर्ति को प्राचीन समाधियों के एक समूह से निकाला गया है। ये समाधियां पूर्वी हान राजवंश से ताल्लुक रखती हैं। एक मूर्ति में बुद्ध शाक्यमुनी के रूप में दिखाई दे रहे हैं। वह किसी चीज पर खड़े हैं और लबादा ओढ़ रखा है। इसके अलावा एक अन्य मूर्ति मिली है जिसमें 5 तथागत मौजूद हैं।
भगवान बुद्ध की यह मूर्ति चीन में पहले मिली बुद्ध की सबसे प्राचीन मूर्ति से 200 साल पुरानी है। ये गंधार शैली में बनाई गई हैं। यह शैली पहली शताब्दी से 7वीं शताब्दी ईसापूर्व के बीच वर्तमान पश्चिमोत्तर पाकिस्तान और पूर्वी अफगानिस्तान इलाके में विकसित हुई थी। यह इलाका पहले गंधार शैली का गढ़ हुआ करता था। बताया जा रहा है कि बुद्ध की यह प्राचीन मूर्ति चीन के पश्चिमोत्तर प्रांत शांक्सी में मिली है।
अब तक 16000 सांस्कृतिक अवशेष खुदाई में मिले
शांक्सी प्रांत में ही दुनियाभर में प्रसिद्ध टेराकोटा आर्मी मिली थी। ये आदमकद सैनिकों की मूर्तियां 1970 के दशक में खोजी गई थीं। चीनी मीडिया के मुताबिक ताजा खुदाई जून 2020 से नवंबर 2021 के बीच की गई हैं। इस दौरान 3648 प्राचीन मकबरे मिले हैं जिसे 475 ईसापूर्व से लेकर 221 ईसापूर्व के बीच बनाया गया था। इसे बनवाने वाले वारिंग से लेकर किंग राजवंश के राजा थे।
