पहले जहरीली खाद दी, अब केस कर दिखाई सीनाजोरी
कोलंबो
चीन के साथ यारी बढ़ा रहे श्रीलंका को ड्रैगन ने बड़ा झटका दिया है। ड्रैगन ने पहले श्रीलंका को जहरीली जैविक खाद दी और जब उसने लेने से मना कर दिया तो चीनी कंपनी ने अब कोलंबो पर मुकदमा ठोक दिया है। चीनी कंपनी ने श्रीलंका के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थता प्रक्रिया शुरू की है। चीनी कंपनी सीविन बायोटेक ने खाद के मुद्दे के समाधान के लिए श्रीलंका के साथ ‘तर्कपूर्ण समझौता’ नहीं होने पर यह केस किया है। चीनी कंपनी का श्रीलंका के खिलाफ मुकदमा करना अपने आप में दुर्लभ घटना माना जा रहा है।
करीब 20 हजार टन खाद लेकर चीन से श्रीलंका पहुंचा यह चीनी जहाज स्वीकार्य समझौता नहीं होने पर चीन वापस लौट रहा है। इस विवाद को सुलझाने के लिए चीन ने काफी कोशिश की थी। यहां तक कि उसने श्रीलंका को डराने का भी प्रयास किया लेकिन राजपक्षे सरकार अपने फैसले पर अडिग रही। यह जहाज अब सिंगापुर पहुंच गया है और कंपनी ने वहीं पर अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थता प्रक्रिया शुरू की है। इसके जरिए चीन श्रीलंका के साथ बढ़ते विवाद को सुलझाना चाहता है।
श्रीलंका ने की थी 3700 करोड़ रुपये की डील
कंपनी के अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में श्रीलंका को एक नोटिस जारी कर दिया गया है और मध्यस्थता की प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया है। बता दें कि श्रीलंका और चीन के बीच इन दिनों जैविक खाद को लेकर कूटनीतिक खींचतान जारी है। श्रीलंका ने खराब गुणवत्ता का हवाला देते हुए चीन से आए 20,000 टन जैविक खाद की पहली खेप को लेने से इनकार कर दिया था। इसके बाद चीन ने गुस्साते हुए श्रीलंका के एक बैंक को ब्लैकलिस्ट कर दिया। श्रीलंकाई वैज्ञानिकों का समूह भी चीन से आई इस खाद का विरोध कर रहा है।